Monday, March 22, 2010

भिखारियों का मसीहा निकला चोर

मुंबई. पुलिस से बचने के लिए शातिर चोर कई तरीके अपनाते हैं। लेकिन यहां गिरफ्तार हुए एक चोर ने भिखारियों और फुटपाथी बच्चों को पुलिस की कार्रवाई जानने के लिए मुखबिर बना रखा था। खुद को गरीबों का मसीहा और ‘रॉबिन हुड’ मानने वाला यह चोर इसी तरकीब के सहारे दो साल तक पुलिस को चकमा देता रहा।



मणि कंदन (36) ने पुलिस की पूछताछ में दावा किया है कि वह अमीरों का घर लूटकर गरीबों की मदद करता था। यहां तक कि वह जरूरतमंदों के लिए 25 एंबुलेंस खरीदना चाहता था। सेंधमारी और डकैती के 15 से ज्यादा मामलों में वांटेड कंदन को पुलिस ने शुक्रवार को मानखुर्द से गिरफ्तार किया था।



एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कंदन ने गरीब फुटपाथी बच्चों और भिखारियों को अपना दोस्त बना रखा था। वह उन्हें खाना खिलाता था। बदले में वह उनसे शहर के पूर्वी क्षेत्र में पुलिस की तमाम गतिविधियों का ब्योरा प्राप्त करता था। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से इन्हीं में से चार बच्चों को अपने पक्ष में करने के बाद जाल बिछाकर कंदन को पकड़ा। कंदन ने 12वीं कक्षा में पढ़ाई छोड़ दी थी।

0 comments:

Post a Comment