Saturday, May 1, 2010

जब मधुमक्खियों ने ढक दी कार

car
मिशिगन में एक कार को हजारों मधुमक्खियों ने ढक दिया। इससे कार मालिक काफी घबरा गया और भागता हुआ अपनी पत्नी के पास पहुंचा। तान्या यंग ने बताया कि उसके पति की कार को हजारों की तादाद में इकट्ठा हुई मधुमक्खियों ने पूरी तरह से ढक दिया।

जब यह बात मुझे मेरे पति ने बताई तो मैं इस पर विश्वास नहीं कर सकी। मैंने सोचा की यह एक मजाक है। लेकिन जब मैंने देखा कि हमारे पड़ोसियों ने अपने घर की खिड़की और दरवाजे बंद कर रखे हैं तब मुझे इस बात का एहसास हुआ।



हमारे घर के पास में ही एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता है पर पता नहीं क्यों अचानक से वे झुंड बनाकर इस तरह से यहां आ गईं। हालांकि बाद में मधुमक्खी पालने वाले जिम जोएनर को बुलाया गया। जिम और उसके एक साथी ने मिलकर उन मधुमक्खियों को वहां से हटा दिया


देखा है कहीं ऐसा याराना..


एक गिलहरी को इंसान से हाथ मिलाने की प्रेरणा कहां से मिली? ये बड़ा ही विचित्र सवाल है। फिर भी ब्रिटेन के बुशक्राफ्ट एक्सपर्ट स्टीव इंग्लैंड ने ये काम कर दिखाया है। इसके लिए उन्हें लंबे समय तक सब्र से काम लेना पड़ा। हमेशा जंगलों में घूमकर काम करने वाले स्टीव ने धीरे-धीरे इस गिलहरी से नजदीकी बढ़ाई है। पहले वे उसे अखरोट खिलाते थे तो वह उन्हें उठाकर तुरंत भाग जाती थी।

ब्रिस्टल के स्ट्रोक पार्क में स्टीव अपने साथी एलेक्स वुड के साथ जाकर हमेशा गिलहरी को प्रोत्साहित करते रहते थे। अब ये स्थिति है कि गिलहरी उनके साथ बैठी रहती है। उनसे हाथ मिलाती है। इतना ही नहीं अखरोट दिए जाने का इंतजार भी नहीं करती। उनके कंधे पर बैठकर जेब में से अखरोट अपने-आप निकाल लेती है।


मरकर भी नहीं छूटा साथ

bike
पोटरे रिको के बाइकर डेविड मोरेल्स कोलोन को बाइक्स से कितना प्यार था ये लोगों को उनकी मौत के बाद समक्ष आया है। पिछले सप्ताह गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। हमेशा पॉवरफुल बाइक्स पर सड़कों और रेस ट्रेक पर नजर आने वाले कोलोन की जान चली गई लेकिन उनका हाथ बाइक के हैंडल से जुदा नहीं हुआ।

उनकी इच्छा के अनुसार उनके घर वालों ने सेन जुआन के फ्यूनेरल होम में लोगों के दर्शन के लिए उनका शरीर बाइक पर सजाया था। बाइक पर रखे उनके मृत शरीर को देखकर ऐसा लगता है वे पूरी रफ्तार में बाइक चला रहे हैं। अगर किसी को पता न हो तो वह समझ नहीं सकता कि बाइक पर शव रखा है। उनके पैर बाइक के ब्रेक और गियर पर रखे गए हैं और सीट पर हेलमेट भी रखा हुआ है।



मौत के बाद भी अपनी प्यारी बाइक पर बैठे कोलोन को देखने बहुत से लोग वहां पहुंचे थे और उन्होंने उनकी इस अंदाज में तस्वीरें भी खींची थीं। इसी तरह 2008 के एक मामले में भी वहां एक 24 वर्षीय युवक को उसकी अंतिम इच्छा के तहत तीन दिन तक घर के लिविंग रूम में खड़ा कर रखा गया था।


चेहरा छुपाया तो मिलेगी सजा

burka
बेल्जियम में सार्वजनिक स्थानों पर बुर्का पहनने पर रोक लगाने संबंधी विधेयक को संसद ने मंजूरी दे दी है। ऐसा फैसला करने वाला यह यूरोप का पहला देश है। विधेयक में नियमों को न मानने पर जुर्माने और सजा का भी प्रावधान है।

देश की संसद के निचले सदन में गुरुवार को इस विधेयक को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। हालांकि इसको लागू होने में अभी समय लगेगा। राजनीतिक संकट का सामना कर रहे देश में अगर समय पूर्व चुनाव की स्थितियां बनती हैं तो इस पर पुनर्विचार भी हो सकता है। सभी सत्तारूढ़ और विपक्षी सांसद विधेयक के पक्ष में हैं। उनका मानना है कि ऐसा सुरक्षा कारणों से भी अनिवार्य है।



लिबरल सांसद डेनिस ड्यूक्रेम का कहना है कि शुरूआत तो हमने कर दी है। हमें यह भी आशा है कि फ्रांस, स्विट्जरलैंड, इटली और नीदरलैंड जैसे देश भी इसका अनुसरण करेंगे। विधेयक के मुताबिक किसी भी सार्वजनिक स्थान पर बुर्का पहनने पर 20-34 डॉलर तक का जुर्माना और सात दिन की सजा हो सकती है। हालांकि मुस्लिम संगठनों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है। मुस्लिम एक्जीक्यूटिव ऑफ बेल्जियम की वाइस प्रेसीडेंट इसाबेल प्रेल के मुताबिक यह धार्मिक पहचानों पर प्रहार है और आगे अन्य धर्म भी इसका शिकार हो सकते हैं। प्रतिबंध लगा तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।