Tuesday, April 20, 2010

शादी के लिए टंकी पर चढ़ी लड़की

Water Tank
पिलानी (झुंझुनूं). बनगोठड़ी खुर्द गांव में सोमवार भरी दोपहर करीब डेढ़ बजे एक लड़की अपनी पसंद के लड़के से शादी न कराने पर टंकी पर जा चढ़ी और कूदने की धमकी देती रही। टंकी गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल कैंपस में है। करीब चार घंटे तक पुलिस और गांववालों की जान गले में अटकी रही। उसने पानी और मोबाइल की मांग की, तो पुलिस ने उसका भी बंदोबस्त किया। परिवार और समाज पर दबाव बनाने के लिए लड़की ने यह कदम उठाया।

वह बार-बार टंकी से कूदने की धमकी दे रही थी। टंकी पर लड़की के चढ़ने की खबर आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते टंकी के पास भीड़ जमा हो गई। लड़की के मां-बाप भी मजबूर होकर देखने के अलावा कुछ नहीं कर सके। इस दौरान लड़का नवीन भी वहां मौजूद था। सूचना मिलने पर पिलानी सीआई रमेश माचरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उसे नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश करते रहे। लेकिन वह टस से मस नहीं हुई।



मोबाइल पर पुलिस ने लड़की को समझाया। माता-पिता से भी उसकी बात कराई। करीब घंटेभर सौदेबाजी चलती रही। शादी का भरोसा दिलाने पर ही लड़की टंकी से नीचे उतरी। लड़की और लड़के को भी पिलानी पुलिस साथ ले गई। जिससे वह शादी करना चाहती थी। देर शाम तक पुलिस व नायब तहसीलदार लड़की व उसके घरवालों से बातचीत कर रहे थे। तब तक पुलिस ने कोई मामला भी दर्ज नहीं किया था। लड़की घर जाने को राजी नहीं होगी तो उसे नारी सुधारगृह भेजा जाएगा। लड़की ने 11वीं का और लड़के ने पिलानी से बीए फाइनल का एग्जाम दिया है।



लड़के के घर भी गई थी



टंकी पर चढ़ने से पहले लड़की अपने प्रेमी के घर पर भी शादी की बात करने पहुंच गई थी। मगर जब वहां लड़के के घरवालों ने लड़की को खरी-खोटी सुनाते हुए शादी से इनकार करते हुए उसे घर से बाहर कर दिया तो लड़की ने यह कदम उठा लिया।



मामला अंतरजातीय



लड़की-लड़का नाबालिग और विजातीय हैं। इसलिए वीरू-बसंती की शादी में काफी विघ्न हैं। टंकी पर चढ़ी युवती स्वामी जाति की है, जबकि लड़का जांगिड़। मामला अंतरजातीय होने के कारण कोई भी पक्ष इस शादी के पक्ष में नहीं था।




पहले भी उठा चुके हैं कदम



गांववालों के मुताबिक कुछ रोज पहले घरवालों को इन दोनों के संबंध का पता चलने पर लड़के ने नशीली गोलियां खा ली थी, जब लड़की को इसका पता चला तो उसने एल्ड्रीन पी ली। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। बताया जाता है कि दोनों के करीब सालभर से संपर्क हैं। लड़की-लड़के के घर के बीच करीब 200 मीटर का फासला है।


0 comments:

Post a Comment