Thursday, July 22, 2010

कार धुलाई के लगते हैं 5.18 लाख रुपए

यह व्यक्ति कार धोने के लिए दुनिया में सबसे ज्यादा चार्ज करता है। वह प्रत्येक वाहन के 7200 पाउंड यानी 5 लाख 18 हजार रु. लेता है। 30 वर्षीय गुरचरन सहोता हर कार की सफाई में 250 घंटे लगाते हैं। इस काम के लिए वह 100 तरह के तरल पदार्थो और वैक्स का इस्तेमाल करते हैं, जिनकी कीमत 8200 पाउंड प्रति टब है।

वह कार के हर इंच की अंदर और बाहर से पांच बार पॉलिश और बफिंग करते हैं। यहां तक कि वह महीन से महीन स्क्रैच, जो नजर नहीं आता, देखने के लिए कंप्यूटर माइक्रोस्कोप का इस्तेमाल करते हैं। सहोता खुद एक साधारण सी गाड़ी चलाते हैं। उन्होंने पांच साल पहले एक बाल्टी और स्पॉंज से पड़ोसियों की कार धोकर बिजनेस शुरू किया था।

उसके बाद से वह सैकड़ों सुपर कारें साफ कर चुके हैं। उनके पास ग्राहकों के रूप में सेलिब्रिटीज की लंबी फेहरिस्त है। सहोता का कहना है कि यदि आपके पास पांच लाख पाउंड की कार है तो इसकी सफाई पर कुछ हजार खर्च करना ज्यादा नहीं है। सहोता डर्बीशायर में अपने माता-पिता के साथ रहते हैं और उनके डबल गैराज को हाई-टैक वर्कशॉप में बदल दिया है।

वह हरेक कार को सबसे पहले एक ही तरीके से धोते हैं। भेड़ की ऊन के गोले और साबुन वाले पानी से। उन्होंने कहा जब मैंने पहली बार फेरारी एंजो की वॉशिंग की तो पूरा एक हफ्ता लगा था। रात को सोते वक्त भी मुझे लाल फेरारी ही नजर आती थी। सहोता अकेले ही काम करते हैं। जब वह बर्मिघम यूनिवर्सिटी में अकाउंटैंसी में डिग्री कर रहे थे तभी कार धोने का काम शुरू कर दिया था।

डिग्री लेने के बाद एक स्थानीय एस्टन मार्टिन के डीलर से उसकी डीबी9 मुफ्त में धोने की इजाजत मांगी थी। डीलर उनके काम से इतना प्रभावित हुआ कि अपने क्लायंट्स से उनका परिचय करा दिया और सहोता का बिजनेस चल निकला। इसके बाद सहोता ने खुद की फर्म इलाईट डिटेलिंग शुरू कर दी।

सहोता को याद है जब उन्हें दुनिया की सबसे महंगी कार मैकलैरन एफ1 वॉश करने को दी गई। इसकी कीमत 30 लाख पाउंड यानी करीब 21.58 करोड़ रु. है। उन्होंने कहा मैकलैरन एफ1 निर्विवाद रूप से मेरी पसंदीदा कार है। यह इतनी विशिष्ट है कि आपको मुश्किल से ही कोई सड़क पर दौड़ती मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment